News

Friday 25 November 2011

आम आदमी से मिलती है दिशा- नीतीश

Oh yes,this is the true story! cleanmediatoday.blogspot.com
आम आदमी से मिलती है दिशा- नीतीश  
क्लीन मीडिया संवाददाता

पटना, 25 नवम्बर (सीएमसी) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें आम आदमी से दिशा मिलती है, बड़े लोगों से नहीं इसलिए जनता का हाल जानने के लिए सेवा यात्रा शुरू की है। बिहार में राजग-2 सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा यात्रा आम लोगों का दुख दर्द और उनकी समस्या जानने का कार्यक्रम है। मुझे आम आदमी से दिशा मिलती है, बड़े लोगों से नहीं।
 उन्होंने कहा कि राजग एक सरकार में लोगों से विभिन्न यात्राओं के दौरान मिलने पर पता चला कि निचले स्तर पर भ्रष्टाचार के कारण लोगों को बड़ी समस्याएं होती है। उससे दिशा लेते हुए अगले कार्यकाल में लोकसेवाओं का अधिकार कानून :आरटीएस: लागू किया गया।
 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता लाना और शासन की ओर से मिलने वाली सेवाएं जनता को उपलब्ध कराते हुए बिहार को एक विकसित राज्य बनाना वर्तमान सरकार का लक्ष्य है। सरकार ने आगामी पांच वर्ष के लिए कार्यक्रमों को मंजूरी दी है। कृषि सहित मानव विकास के लिए रोडमैप बनाया गया है। आम लोगों की समस्याओं के बारे में नीतीश ने कहा कि राज्य की आबादी 10.38 करोड़ है, कोई भी सभी की समस्या को दूर करने का दावा नहीं कर सकता।
 नीतीश ने कहा कि राज्य सरकार ने आने वाले समय में ऐसा कानून बनाने का लक्ष्य रखा है, जिससे तीन वर्ष के भीतर भूमि विवादों का निपटारा हो जाए। भूमि विवाद की समस्या उनकी सूची में सबसे उपर है। राज्य में 100 वर्ष बाद आधुनिकतम भूमि सर्वे कराया जाएगा, जिसके बाद अगले पांच वर्ष में चकबंदी का काम पूरा होगा। इससे कानून व्यवस्था की समस्या दूर होगी और कृषि उत्पादकता बढाने का लक्ष्य भी हासिल होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि सर्वे के लिए कानून का मसौदा तैयार किया जा रहा है। कृषि रोडमैप बनाया गया जिससे आने वाले समय में बिहार की कृषि उत्पादकता बहुत बढ जाएगी।

No comments:

Post a Comment